पटना , मई 08 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार के नवगठित सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सम्राट मंत्रिमंडल के गठन के बाद परिवारवाद की दुहाई देने वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नेताओं की पोल खुल गयी है।

श्री यादव ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी लम्बे समय तक राजनीति में रहे हैं। उन्होंने कहा कि सम्राट मंत्रिमंडल में तीन भूतपूर्व मुख्यमंत्रियों जगन्नाथ मिश्रा के पुत्र नीतीश मिश्रा, जीतनराम मांझी के पुत्र संतोष सुमन और नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार मंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि इस मंत्रिमंडल में विजय चौधरी, रमा निषाद, श्रेयसी सिंह, श्वेता गुप्ता, भगवान सिंह कुशवाहा सहित आधे ऐसे मंत्री हैं जिनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि राजनीतिक है और वह बिरासत की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बड़े नेताओं के दो पुत्रों निशांत और दीपक प्रकाश को तो बिना किस सदन का सदस्य बने ही मंत्री बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय उनको शहजादा कहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन नेताओं के बारे में भी कुछ कहें तो बेहतर होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित