पटना , अप्रैल 27 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को नगर विकास एवं आवास विभाग, पंचायती राज विभाग तथा पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों इन विभागों से जुड़ी योजनाओं को तेजी और पारदर्शिता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिये।

बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने प्रमुख केन्द्रीय योजनाओं, शहरों के मास्टर प्लान, रिजनल रैपिड ट्रांजिट प्रणाली, पटना मेट्रो, विज्ञापन नियमावली सहित अन्य कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। केन्द्रीय प्रायोजित योजना अटल मिशन शहरी कायाकल्प तथा शहरी परिवर्तन (अमृत परियोजना), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन की कार्य प्रगति की जानकारी दी। विभाग की ओर से संचालित योजनायें जैसे स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन, नगर निकाय में सीसीटीवी की स्थापना, सोलर लाइट योजना, नाला/निकासी के संबंध में जानकारी दी गयी।

बैठक में पंचायती राज विभाग के अपर सचिव आदित्य प्रकाश ने अपने विभाग से सबंधित कार्यों की अद्यतन स्थिति तथा प्रस्तावित योजनाओं के सबंध में जानकारी दी। गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने महाबोधि मंदिर कोरिडोर, बोधगया तथा विष्णुपद मंदिर कोरिडोर, गयाजी के समग्र विकास से संबंधित योजना के संबंध में जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित