बैतूल , जनवरी 28 -- विगत गणतंत्र दिवस पर मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए एक शिक्षक को सम्मानित किए जाने से विवाद खड़ा हो गया है।
प्राथमिक शाला मरामझिरी, संकुल केंद्र कन्या गंज में पदस्थ शिक्षक सुभाष सिंह ठाकुर को प्रशंसा पत्र दिए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता रामेश्वर लक्षणे द्वारा कल कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि नियमों की अनदेखी कर ऐसे शिक्षक को सम्मानित किया गया है, जिनके खिलाफ पूर्व में गंभीर शिकायतें और दंडात्मक कार्रवाइयां हो चुकी हैं। आवेदन के अनुसार जनप्रतिनिधियों और ग्रामीण पालकों की शिकायतों के आधार पर शिक्षक को दो बार निलंबित किया गया था। इसके अलावा मध्याह्न भोजन व्यवस्था से जुड़ी शिकायत की जांच में दोषी पाए जाने पर तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा उनका एक स्थायी इंक्रीमेंट भी रोका गया था।
इसके बावजूद उन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। मामले को लेकर शिक्षा विभाग ने भी अपना पल्ला झाड़ लिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि गणतंत्र दिवस सम्मान के लिए उनकी ओर से किसी भी शिक्षक का नाम प्रस्तावित नहीं किया गया था। मंच से नाम घोषित होने पर विभाग के अधिकारी भी चौंक गए थे।
शिक्षा विभाग ने इसे गंभीर प्रशासनिक चूक मानते हुए पूरे मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि शिक्षक का नाम सम्मान सूची में किस स्तर से और किस आधार पर जोड़ा गया। शिकायतकर्ता ने न केवल सम्मान निरस्त करने बल्कि नाम अनुशंसित करने वाले अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित