भोपाल , अक्टूबर 23 -- आज भाईदूज के अवसर पर बड़ी संख्या में राज्य की महिलाओं को संबेाधित करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि अब से इस योजना की मासिक राशि के रूप में महिलाओं को 1500 रुपए प्राप्त होंगे और इस योजना से महिलाओं के बैंक तक आने-जाने का समृद्धि से भरा मार्ग खुला है।

डॉ यादव यहां मुख्यमंत्री निवास में आयोजित भाईदूज महोत्सव के अवसर पर महिलाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाएं भी उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन में भाई अपनी बहन को घर लाता है और भाईदूज पर भाई अपनी बहन के घर जाता है। बहनों के माध्यम से दो परिवार (मायका और ससुराल) जीवन भर के लिए जुड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहनों को सशक्त करने के लिए 33 फीसदी के आरक्षण की व्यवस्था की है। वर्ष 2029 के बाद देश और प्रदेश की विधायिका में बहनों की संख्या और बढ़ने वाली है। रानी अवंतीबाई, रानी दुर्गावती, रानी लक्ष्मीबाई ऐसी एक दो नहीं बड़ी लंबी परंपरा है, जिन्होंने देश की आन बान शान के लिए दुश्मनों के दांत खट्टे कर दिए।

उन्होंने कहा कि भाईदूज की कहानी यमराज से प्रारंभ होती है। यमुना उनकी बहन है और यमराज भाईदूज के दिन बहन के घर आते हैं और अत्यंत प्रसन्न हो जाते हैं। बहन से कोई वरदान मांगने को कहते हैं। बहन ने अपने वरदान में भी भाई की लंबी जिंदगी का आशीर्वाद ले लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लाड़ली बहना योजना की अगली किश्त के साथ 1500 रुपए पूरे साल मिलेंगे। इस योजना की राशि के रूप में सिर्फ राशि नहीं आ रही, बल्कि बहनों का बैंक तक आने-जाने का मार्ग खुला है। यह मार्ग उनकी समृद्धि का है।

डाॅ यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की महिलाएं अगर रेडीमेड गारमेंट्स से जुड़ती हैं तो उनको 1500 रुपए के अतिरिक्त 5000 रुपए 10 साल तक दिए जाएंगे। सरकार के माध्यम से बहनों की जिंदगी बेहतर बनाने के लिए सरकार ऐसे और कई काम शुरु कर रही है। बहनें अगर अपना खुद का कारखाना खोलती है तो 30 प्रतिशत आरक्षण उसमें भी दिया गया है। रजिस्ट्री या कोई प्रॉपर्टी उनके नाम कराना हो तो दो प्रतिशत की छूट दी गई है। बस उसमें बहनों के स्वामित्व का प्रमाण होना चाहिए। राज्य के अंदर कोई ऐसा गांव बचने वाला नहीं है, जहां महिलाओं को नल से जल की व्यवस्था न हो।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेसी 20 साल से सरकार से बाहर हैं और आने वाले 50 साल तक ऐसे ही बाहर रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित