पटना , फरवरी 17 -- िहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेमकुमार ने मंगलवार को सदन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रो में विधुत शवदाह गृह निर्माण की मांग पर समीक्षा बैठक के बाद पंचायती राज मंत्रालय निर्णय लेगा।
बिहार विधानसभा में आज ध्यानाकर्षण सूचना के दौरान लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक राजू तिवारी के ग्रामीण क्षेत्रों में शवदाह गृह की आवश्यकता पर पूछे गए सवाल का जवाब जब उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा दे रहे थे उसी समय अध्यक्ष श्री कुमार ने कहा कि सरकार का पंचायती राज मंत्रालय इस पर समीक्षा बैठक करने के बाद निर्णय लेगा।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने आज विधायक श्री तिवारी को जवाब देते हुए कहा कि वर्तमान में 264 नगर निकायों को विद्युत शवदाह गृह बनाने के लिए चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस समय 41 नगर निकायों में शवदाह गृह निर्माण का काम शुरु किया गया है, जिसमे 11 में कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि नगरी निकायों में निर्माण के बाद सरकार सभी ग्रामीण इलाकों में भी स्थान चिन्हित कर शवदाह गृह बनाने पर विचार करेगी।
इससे पहले सदन में श्री तिवारी ने सात अन्य विधायकों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत शवदाह गृह की आवश्यकता पर सदन का ध्यान आकर्षित किया । उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में लकड़ी की कमी और मंहगाई के कारण शवदाह की समस्या बढ़ती जा रही है और कई बार गीली लकड़ियों से शवदाह की स्थिति में पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित