हरिद्वार , जनवरी 29 -- उत्तराखंड में महाधिवक्ता कार्यालय नैनीताल की समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी मुख्य परीक्षा-2024 का आयोजन यहां उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के परीक्षा भवन में 31 जनवरी को दो सत्रों में आयोजित की जायेगी। परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र के 200 मीटर क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
नगर मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को प्रथम सत्र पूर्वाह्न नौ बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र अपराह्न दो बजे से सायं पांच बजे तक आयोजित होगा।
परीक्षा को नकल-विहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 (पूर्व धारा-144) के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू की गई है।
निषेधाज्ञा के दौरान बिना सक्षम अनुमति के पाँच या उससे अधिक व्यक्तियों का एकत्र होना, सार्वजनिक सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार की गतिविधि जिससे लोक शांति भंग होने की संभावना हो, वर्जित होगी।
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण निर्धारित मानकों से अधिक नहीं होगा। लाठी, डंडा, चाकू, तलवार, आग्नेयास्त्र, विस्फोटक सामग्री, तेजाब, पेट्रोल आदि लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित