रांची , दिसंबर 06 -- झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की रांची विकास विद्यालय में आयोजित वार्षिक कार्यक्रम सह पुरस्कार वितरण समारोह 2025 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई।

समारोह "महिला सशक्तिकरण" के संदेश और उद्देश्य पर केंद्रित रहा। वार्षिक कार्यक्रम में मंच से अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को सम्मानित करना किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के छात्रों के द्वारा नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से "भ्रूण हत्या" जैसे अपराध के साथ समाज में घटित घटनाओं को मार्मिक पहलुओं के साथ दर्शाया गया।

विद्यालय के छात्रों को संबोधित करते हुए सुश्री तिर्की ने कहा कि विकास विद्यालय का शैक्षणिक सफर काफी लंबा रहा है। साल दर साल विद्यालय के छात्रों का प्रदर्शन काबिल तारीफ है। उन्होंने कहा कि ये दौर लिंग भेद का नहीं है, बल्कि समाज में समानता के महत्व को समझने की जरूरत है . खासकर युवा शक्ति को इससे समझना होगा। खुद के परिवार के साथ ही समाज के संबंधों को निभाना होगा।

सुश्री तिर्की ने कहा कि युवा अपनी शिक्षा और ज्ञान के सहारे परिवार और समाज में अपनी महती भूमिका अदा कर सकते है। वार्षिक कार्यक्रम में पूर्व कुलपति कामिनी कुमार , प्राचार्य पी एस कालरा , पवन अग्रवाल , राजेंद्र गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित