जयपुर , फरवरी 24 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने मीडिया का पत्रकारिता के स्वस्थ मूल्यों के लिए कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा है कि समाचार ऐसे प्रसारित और प्रकाशित होने चाहिए, जो जन हित और राष्ट्र हित से जुड़े हों।

श्री बागडे ने मंगलवार को फर्स्ट इंडिया और ओटीटी के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र की जड़ों को सींचकर उसकी जड़ों को सदा हरा रखता है। उन्होंने कहा कि वह लोगों को संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ कर्तव्यों के प्रति प्रेरित करता है। इसीलिए इसे लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ कहा गया है।

राज्यपाल ने देश में दूरदर्शन की शुरुआत और अन्य चैनलों के प्रसारण में हुए विकास की चर्चा करते हुए कहा कि समाचार ऐसे प्रसारित और प्रकाशित होने चाहिए, जो जन हित से, राष्ट्र हित से जुड़े हों। उन्होंने भारत के प्राचीन इतिहास से नयी पीढ़ी को जोड़े जाने के लिए भी मीडिया को कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने बप्पा रावल की चर्चा करते हुए कहा कि वह देश के ऐसे महान योद्धा हुए जिन्होंने मोहम्मद बिन कासिम को भारत से खदेड़ा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत वन्देमातरम और राष्ट्र बोध से जुड़ी जानकारियां अधिकाधिक पाठकों के लिए दी जाये। उन्होंने कहा कि भारतीय सभ्यता शाश्वत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित