जालंधर , मार्च 18 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सुनील जाखड़ , कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा तथा प्रेस सचिव हरदेव सिंह उभा ने एक समाचार पत्र समूह के होटल को तोड़ने की जिला प्रशासन की कार्रवाई का विरोध कर रहे कई वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार करने की कड़े शब्दों में निंदा की है और कहा है कि आम आदमी पार्टी सरकार के इस दमन के खिलाफ भाजपा पूरे प्रदेश में जोरदार प्रदर्शन करेगी।
श्री जाखड़ ने बुधवार को कहा कि "संघर्षों से उपजी और कभी लोगों को नेताओं से सवाल करने के लिए प्रेरित करने वाली पार्टी आज मीडिया की आवाज़ दबा रही है और विरोध करने पर लोगों के खिलाफ मामले दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि कल रात जालंधर में जिस तरह पुलिस ने मीडिया की स्वतंत्रता के लिए आवाज़ उठाने वाले भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग किया और उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए, वह ब्रिटिश शासन की याद दिलाता है। क्या भगवंत मान सरकार अब लोगों से उनके असहमति जताने के अधिकार को छीनना चाहती है? आम आदमी पार्टी सरकार के इस दमन के खिलाफ भाजपा पूरे पंजाब में जोरदार प्रदर्शन करेगी। पंजाब की जनता इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।"श्री अश्विनी शर्मा ने कहा, "पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ-मीडिया-को दबाने के लिए दुर्भावनापूर्ण कार्रवाइयों पर उतर आई है। सच लिखने और दिखाने की सजा दी जा रही है।" उन्होंने कहा कि कल रात की घटना के विरोध में उतरे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पर्चे दर्ज किए गए-मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। भाजपा पंजाब मीडिया की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ पंजाब की आवाज बनेगी।"भाजपा के प्रदेश प्रेस सचिव हरदेव सिंह उभा ने कहा कि भगवंत मान सरकार पंजाब में लोकतंत्र का घान (हनन) कर रही है। उन्होंने भाजपा और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके खिलाफ झूठे मामले (पर्चे) दर्ज करने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सरकार की बौखलाहट को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोधी आवाजों को दबाने और अरविंद केजरीवाल को खुश करने के लिए इस तरह के कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी आवाज उठाने का अधिकार होता है, लेकिन मान सरकार इस अधिकार को खत्म करने पर तुली हुई है।
उभा ने कहा कि भाजपा इस मामले में चुप नहीं बैठेगी और पार्टी द्वारा जल्द ही एक बड़ा संघर्ष शुरू किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी और जनता के अधिकारों के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने मान सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यह तानाशाही रवैया जारी रहा, तो पंजाब की जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित