समस्तीपुर , मार्च 08 -- अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेल प्रशासन ने ट्रेन संचालन समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी महिला कर्मचारियों को सौंप दी।

इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को यादगार बनाने के लिये समस्तीपुर जंक्शन पर टिकट बुकिंग काउंटर, कंट्रोल कार्यालय और स्टेशन परिसर की स्वच्छता व्यवस्था जैसे अहम कार्यों का संचालन महिला कर्मचारियों के हाथों सौंपा गया।

उन्होंने कहा कि मंडल मुख्यालय स्थित कंट्रोल कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मियों ने ट्रेनों के सुरक्षित और समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करते हुये अपनी दक्षता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट परिचय दिया। महिला कर्मचारियों ने पूरे दिन ट्रेन संचालन से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक कार्यों को सफलतापूर्वक संभाला।

इसके साथ ही स्टेशन परिसर की स्वच्छता व्यवस्था में भी महिला कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई और अपनी कार्यनिष्ठा का परिचय दिया।

मंडल रेल प्रबंधक श्री मिश्रा ने कहा कि विश्व महिला दिवस के अवसर पर की गई यह पहल महिला कर्मचारियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मान देने के साथ- साथ समाज में लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की पहल से महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित