समस्तीपुर , मार्च 01 -- बिहार के समस्तीपुर जिले के पटोरी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये अंतरराष्ट्रीय जाली भारतीय मुद्रा नोट के कारोबारी और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की ओर से घोषित दो लाख रुपये के इनामी नूर मोहम्मद को गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अरबिंद प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार नूर मोहम्मद नेपाल के बारा जिले का रहने वाला है और एनआईए के एक मामले में वांछित था। अपराध अनुसंधान विभाग, पटना से मिली सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर पटोरी में छापेमारी की गई, जहां से उसे दबोचा गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी से उसके जाली नोट नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय कड़ियों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित