समस्तीपुर , अप्रैल 18 -- बिहार के समस्तीपुर जिले मे 17 अप्रैल से शुरू हुई प्रथम चरण के स्व.गणना कार्यक्रम मे लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में मीडिया वर्कशॉप का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने पत्रकारों से बाचतीत करते हुए कहा कि जनगणना के दौरान लोगों से लिए जाने वाले डाटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि गणना के दौरान जो ओटीपी या जो मोबाइल नंबर दिये जा रहे है, वह प्रशासनिक स्तर पर किसी के साथ शेयर नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण का स्व.गणना कार्यक्रम आगामी एक मई 26 तक चलेगा। जिसमें लोग निर्धारित पोर्टल पर जाकर सम्बंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते है। उन्होंने बताया कि जिले में इस गणना कार्य के लिए 10 हजार से अधिक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि इस स्व.गणना कार्यक्रम मे लोगों को जागरूकता करने मे मीडियाकर्मियों की अहम भूमिका है, इसलिए मीडियाकर्मी लोगों की भ्रांतियां को दूर कर गणना मे भागीदारी के लिए लोगों को प्रेरित करें।
इस अवसर पर समस्तीपुर के जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार एवं सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित