समस्तीपुर , जनवरी 20 -- बिहार के समस्तीपुर जिले के सिविल सर्जन डॉ संजय कुमार चौधरी (67) का मंगलवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया।
उनके अचानक निधन से स्वास्थ्य विभाग समेत जिले के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, आगामी 24 जनवरी को कर्पूरी ग्राम में आयोजित होने वाले पूर्व मुख्यमंत्री जननायक स्व. कर्पूरी ठाकुर की राजकीय जयंती समारोह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों को लेकर डॉ चौधरी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कर्पूरी ग्राम पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
उन्हें तत्काल समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिये शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
निधन की सूचना मिलते ही केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, जदयू विधायक अश्वमेध देवी, राजद के पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरबिंद प्रताप सिंह समेत कई वरीय अधिकारी अस्पताल पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित