जौनपुर , अक्टूबर 16 -- "विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश 2047" की संकल्पना को साकार करने की दिशा में जौनपुर जिले के लोगों ने समर्थ पोर्टल पर अपने सकारात्मक सुझाव देते हुए जिले को शीर्ष स्थान पर पहुंचा दिया है।
जिलाधिकारी डॉ दिनेश चन्द्र ने इस उपलब्धि पर सभी जिलावासियों, उपजिलाधिकारी, बीडीओ, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग समेत सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा तथा मुख्य सचिव के निर्देशन में लगातार समर्थ पोर्टल की मॉनिटरिंग की जा रही है और सभी के सहयोग और प्रयास से ही संभव हो सका है कि आज हम विकसित देश की संकल्पना को साकार करने की दिशा में प्रदेश में शीर्ष पर है।
उन्होंने सभी से अपील किया कि 31 अक्टूबर तक सुझाव लिए जाने हैं। सभी अधिक से अधिक सुझाव देते हुए जिले को शीर्ष पर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि 2047 तक प्रदेश को विकसित बनाने के लिए समर्थ पोर्टल पर कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित 12 सेक्टर तथा तीन थीम से संबंधित सुझाव मांगे जा रहे हैं, जिससे देश और प्रदेश को विकसित बनाने में दिए जा रहे सुझाव को विजन डॉक्यूमेंट में सम्मिलित किया जा सके तथा विकसित भारत को बनाने में जनभागीदारी सुनिश्चित किया जा सके।
विकसित भारत का लक्ष्य 2047 तक, भारत की स्वतंत्रता के 100वें वर्ष में, देश को एक विकसित राष्ट्र बनाना है। इस लक्ष्य में समावेशी आर्थिक भागीदारी, मजबूत आर्थिक आधार, उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक समानता, और प्रौद्योगिकी व नवाचार को बढ़ावा देना शामिल है, इसका उद्देश्य 2047 तक भारत की अर्थव्यवस्था को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाना और सभी नागरिकों के लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित