पटना , जनवरी 22 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री और नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि राज्य के सभी 19 नगर निगम क्षेत्रों में अवैध पार्किंग और होर्डिंग्स के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।श्री सिन्हा ने आज बयान जारी कर कहा कि राज्य के सभी 19 नगर निगम क्षेत्रों में वाहनों की सुरक्षित पार्किंग एक बड़ी समस्या बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह वाहनों की अवैध पार्किंग और नगर निगम क्षेत्रों में अवैध होर्डिंग्स ने स्थिति को और अधिक विकराल बना दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 19 नगर निगम क्षेत्रों में अवैध पार्किंग स्थलों और अवैध होर्डिंग्स को तत्काल चिह्नित कर उन्हें व्यवस्थित करने का आदेश जारी किया गया है।

उप मुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने पार्किंग स्थलों के ऐसे ठेकेदारों को भी चिह्नित करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया है, जिनके पार्किंग का टेंडर समाप्त हो चुका है और वे आज भी पार्किंग के नाम पर लोगों से अवैध वसूली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के कई नगर निगम क्षेत्रों में अवैध पार्किंग स्थलों और उन स्थलों से पार्किंग के नाम पर हो रही अवैध वसूली की सूचना भी विभाग के पास है। अब ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राज्य के शहरी क्षेत्रों में वाहनों की बढ़ती संख्या और सीमित हो रही पार्किंग की सुविधा से निपटने के लिए उप मुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने सभी नगर निगम क्षेत्रों में अवस्थित पार्किंग स्थलों पर वाहनों के पार्किंग के लिए निर्धारित रेट चार्ट लगाने का भी आदेश दिया है, जिससे पार्किंग शुल्क को लेकर लोगों में किसी तरह की भ्रम या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने वाहन के पार्किंग को लेकर नगर विकास एवं आवास विभाग के नियम से संबंधित बोर्ड हर जगह लगाने के आदेश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित