जोधपुर , जनवरी 09 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज समय देश के लिए बलिदान का नहीं, बल्कि देश के लिए परिश्रम, नवाचार और जिम्मेदारी का समय बताते हुए कहा है कि समाज को आत्ममंथन करना होगा कि बदलते भारत में उसका योगदान क्या है। उन्होंने कहा कि जब सभी समाज नैतिकता, नए संकल्प और नए विचारों के साथ आगे बढ़ेंगे, तभी देश सामूहिक शक्ति के साथ प्रगति करेगा।

श्री बिरला ने शुक्रवार को यहां माहेश्वरी वैश्विक सम्मेलन को संबोधित करते हुय यह बात कही। उन्होंने कहा कि आज जब देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और भारत में व्यापक परिवर्तन हो रहा है, ऐसे समय में माहेश्वरी समाज के युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और नवाचार के माध्यम से देश को नई दिशा देने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य आज के विचारों और प्रयासों से तय होगा। इसलिए युवाओं को उद्योगों, स्टार्टअप्स और रोजगार सृजन से जोड़ते हुए देश के विकास में सहभागी बनाना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तीन दिवसीय माहेश्वरी ग्लोबल एक्सपो के दौरान सकारात्मक मंथन होगा और यह विचार सामने आएगा कि विकसित भारत के निर्माण में समाज किस प्रकार और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाले समाजजन भी अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं और अपने अनुभव, ज्ञान और वैश्विक दृष्टिकोण के माध्यम से भारत के विकास में योगदान देंगे।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि माहेश्वरी समाज का इतिहास देश के आर्थिक, सामाजिक और राष्ट्रीय परिवर्तन से गहराई से जुड़ा रहा है। समाज ने न केवल स्वतंत्रता संग्राम में योगदान दिया, बल्कि आज़ादी के बाद भी राष्ट्र निर्माण और आर्थिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि माहेश्वरी समाज की गौरवशाली परंपरा सेवा, समर्पण और त्याग पर आधारित रही है। भगवान महेश (शिव) के आदर्शों से प्रेरित होकर, जिन्होंने सृष्टि के कल्याण के लिए विषपान किया, माहेश्वरी समाज भी सदैव सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय के भाव से कार्य करता आया है।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देश और दुनिया में बसे माहेश्वरी समाज के युवा विज्ञान, तकनीक, चिकित्सा, शिक्षा और उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं। यही नवाचार भारत की नई शक्ति बनेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित