तिरुवनंतपुरम , फरवरी 21 -- कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य रमेश चेन्निथला ने विशेष जांच दल (एसआईटी) से यह स्पष्ट करने की मांग की कि सबरीमाला मंदिर के मुख्य पुजारी को सोने की कथित चोरी के मामले में किस आधार पर गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि जब सबरीमाला भगवान अयप्पा मंदिर के पुजारी जैसे सम्मानित और जिम्मेदार व्यक्ति को गिरफ्तार किया जाता है, तो जांच अधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि वह जनता को इस कार्रवाई के कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से बताएं।
उन्होंने कहा, "इस तरह के संवेदनशील मामलों में जनता का भरोसा और विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शिता ज़रूरी है।"उन्होंने इस बात पर शक जताया कि क्या गिरफ्तारी का मकसद जनता का ध्यान भटकाना था, जबकि माकपा नेता इसी मामले में जेल में थे। उन्होंने बताया कि अदालत ने पुजारी को ज़मानत देते हुए कहा कि उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं है।
श्री चेन्निथला ने कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि क्या पुजारी की गिरफ्तारी और उन्हें जेल भेजने का फैसला सरकार की राजनीतिक चाल का हिस्सा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित