नयी दिल्ली , मार्च 03 -- आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा है कि सफाई कर्मचारी हमारे शहर की रीढ़ हैं, उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है।

श्री नारंग ने मंगलवार को कहा कि सोमवार को कर्मपुरा वार्ड 89 में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सफाई कर्मचारी संदीप के परिजनों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया। उन्होंने भाजपा सरकार से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि आप की पुरजोर मांग है कि दिवंगत कर्मचारी के परिवार को एक करोड़ मुआवज़ा और एक सदस्य को स्थायी नौकरी जल्द से जल्द दी जाए।

श्री नारंग ने कहा कि दिल्ली के करोलबाग ज़ोन स्थित वार्ड 89 कर्मपुरा में कल ऑन-ड्यूटी सफ़ाई कर्मचारी संदीप की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई। यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। एक कर्मचारी, जो पूरी निष्ठा से अपनी ड्यूटी निभा रहा था, उसके साथ ऐसा व्यवहार आखिर क्यों किया गया। क्या कर्मचारियों की गरिमा और मानसिक स्वास्थ्य की कोई कीमत नहीं है? आम आदमी पार्टी मांग करती है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी हमारे शहर की रीढ़ हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित