पटना , जनवरी 29 -- पटना नगर निगम ने गुरूवार को सफाईकर्मियों के लिए अजीमाबाद अंचल के अंतर्गत गुलजारबाग स्टेडियम में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया।
स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन महापौर श्रीमती सीता साहू ,नगर आयुक्त यशपाल मीणा एवं वार्ड पार्षद वार्ड संख्या-53 के द्वारा किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन पटना सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती सीता साहू ने कहा कि "पटना नगर निगम के सफाईकर्मी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनका स्वास्थ्य सुरक्षित और बेहतर रखना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान और जांच से जीवन बचाया जा सकता है।"श्रीमती सीता साहू ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ ओरल, सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग की सुविधा प्रदान की जा रही है । सफाई कर्मी को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, जांच रिपोर्ट के आधार पर मार्गदर्शन तथा जरूरत पड़ने पर आगे के उपचार के लिये फरल सुविधा की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सफाई कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पटना नगर निगम अपने सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 27 जनवरी से 19 फरवरी के बीच सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक कर्मियों और उनके परिजनों को इसका लाभ मिल सके।
गौरतलब है कि पटना नगर निगम द्वारा 27 जनवरी से 19 फरवरी 2026 के बीच सफाईकर्मियों के लिए 60 से अधिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाने की कार्ययोजना के अंतर्गत यह शिविर आयोजित किया गया। आज के शिविर में अजीमाबाद सर्किल के सफाईकर्मियों एवं नगर निगम कर्मियों एवं उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
उल्लेखनीय है कि स्वच्छता कार्य से जुड़े कर्मी लंबे समय तक प्रतिकूल परिस्थितियों में कार्य करते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर विशेष जोखिम रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए पटना नगर निगम द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित