नयी दिल्ली , अप्रैल 06 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को साफ और व्यवस्थित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं इसलिए उनके हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है।

श्रीमती गुप्ता ने सोमवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारी यूनियन की कोर कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। इस संवाद में अलग-अलग यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल हुए और उन्होंने अपने मुद्दे, सुझाव और जमीनी स्तर पर आने वाली दिक्कतों को खुलकर सामने रखा। संवाद के दौरान सफाई कर्मचारियों की भर्ती और नियमितीकरण का मुद्दा प्रमुख रहा। इसके अलावा कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा की कमी, वेतन से जुड़ी समस्याएं और सेवा से संबंधित अन्य परेशानियों पर भी बात की।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को साफ और व्यवस्थित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं इसलिए उनके हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ठोस और व्यावहारिक कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यूनियन द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों की समीक्षा कर जरूरी कार्रवाई की जाए ताकि कर्मचारियों को बेहतर काम करने का माहौल, सुरक्षा और सम्मान मिल सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार एक संवेदनशील और जिम्मेदार प्रशासन के रूप में कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करेगी कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा हो और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित