प्रयागराज, दिसंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में एसआईआर के बहाने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं द्वारा घुसपैठिए ढूंढने के समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुये पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव को यह बताना चाहिए कि सपा कार्यकर्ता उस समय क्या कर रहे थे जब घुसपैठियों के फर्जी आधार कार्ड और दूसरे डॉक्यूमेंट बनवाए जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं के फर्जी कागजात बनवाए गए थे। घुसपैठियों के डॉक्यूमेंट जो गलत तरीके से बनाए गए थे,उसे ठीक करने का कर्तव्य भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं का है। अखिलेश यादव को परेशान नहीं होना चाहिए। क्योंकि जहां पर राष्ट्र सुरक्षा का विषय आता है, कमजोर वर्ग के नागरिकों के प्रश्न आता है। भाजपा का हर कार्यकर्ता बाहर निकलेगा। इसलिए यह भाजपा का कार्य है और पार्टी वही काम कर रही है। जब भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से सभी सूचनाएं अधिकारियों तक पहुंचती हैं। तो इससे उन्हें भी काम करने में और मदद मिलती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित