लखनऊ , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को उस समय माहौल गरमा गया जब समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक रागिनी सोनकर ने मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' से निवेश और डिफेंस कॉरिडोर को लेकर तीखे सवाल पूछे।
रागिनी सोनकर ने पहला सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में लाखों करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए गए, लेकिन धरातल पर सिर्फ 9 प्रतिशत ही परियोजनाएं क्यों दिख रही हैं? दूसरा सवाल डिफेंस कॉरिडोर को लेकर था। उन्होंने पूछा कि चित्रकूट, झांसी, अलीगढ़ और आगरा जैसे जिलों में अब तक प्रगति शून्य क्यों है। तीसरे सवाल में उन्होंने भाजपा के फंड को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में पार्टी के खाते में 800 करोड़ रुपये थे, जो अब 16 हजार करोड़ रुपये कैसे हो गए, जबकि अर्थव्यवस्था कमजोर बताई जा रही है।
रागिनी के सवालों के जवाब में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता खड़े हुए और उनके सवालों को पढ़ने लगे। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें टोका। इसके बाद मंत्री विपक्ष पर निशाना साधते हुए सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करने लगे। बहस के दौरान मंत्री रागिनी सोनकर की सोशल मीडिया गतिविधियों, इंस्टाग्राम और फेसबुक रील तक का उल्लेख करने लगे, जिससे विपक्ष ने आपत्ति जताई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित