जालौन , अप्रैल 6 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को यहां जिला कचहरी में प्रदर्शन कर बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुये नुकसान के एवज में शत प्रतिशत मुआवजे की मांग की।
जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर, सपा सांसद नारायण दास अहिरवार, पूर्व मंत्री श्रीराम पाल और पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र बजरिया की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपते हुए सपा नेताओं ने कहा कि पिछले दिनो ओलावृष्टि और बारिश ने जिले के अधिकांश गांवों में गेहूं, सरसों व चना सहित रबी की फसलों को पूरी तरह चौपट कर दिया है। कई गांवों में किसानों के सामने खाद्यान्न संकट खड़ा हो गया है। इसी को देखते हुए सपा ने प्रभावित किसानों को 100 प्रतिशत फसल मुआवजा देने तथा बटाईदार किसानों को भी लाभ पहुंचाने की मांग उठाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित