भीलवाड़ा , फरवरी 18 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में हरि सेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज के पावन मार्गदर्शन में भव्य सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षादान समारोह यहां 19 से 26 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है।

आयोजकों ने बुधवार को बताया कि समारोह के इस ऐतिहासिक महोत्सव का विधिवत शुभारंभ 19 फरवरी को सुबह नौ बजे श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर से भव्य श्रीमद् भागवत महापुराण कलश यात्रा के साथ होगा। 26 फरवरी तक चलने वाला इस आठ दिवसीय महोत्सव में देशभर के सेंकड़ों संत-महंतों, महामंडलेश्वरों और शंकराचार्य के दर्शनों का लाभ श्रद्धालुओं को मिलेगा।

आयोजकों ने बताया कि इसमें राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े 20 फरवरी को और विधानसभा अध्यक्ष 22 फरवरी को शिरकत करेंगे। इसके अतिरिक्त लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आगमन की भी प्रबल संभावना है, जिसके लिए संबंधित कार्यालयों ने विस्तृत जानकारी मांगी है। आयोजकों ने बताया कि महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने यूआईटी सेक्रेट्री ललित गोयल और अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट प्रतिभा देवठिया के साथ आश्रम का दौरा करके सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और महामंडलेश्वर हंसराम जी से चर्चा करके आवश्यक निर्देश दिये।

आयोजकों के अनुसार महोत्सव के तहत प्रतिदिन श्रीमद् भागवत कथा, यज्ञ-हवन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किये जाएंगे। सेवा कार्यों की शुरुआत श्रद्धा और आस्था के साथ अग्नि प्रवेश और भंडारा कोठार सेवा के शुभारंभ से की जा चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित