नयी दिल्ली , फरवरी 05 -- राज्यसभा में गुरुवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जारी चर्चा को आगे बढ़ाते हुए सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भ्रष्टाचार समाप्त कर जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा पैसा लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए सरकार की तारीफ की जबकि विपक्ष ने उस पर कॉर्पोरेट की सरकार होने का आरोप लगाया।

मध्य प्रदेश से भाजपा की माया नारोलिया ने कहा कि पिछली सरकार में नीयत की कमी थी जिसके कारण वे एक रुपया केंद्र से भेजते थे तो लाभार्थियों के पास 15 पैसे ही पहुंचते थे। मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार और घूसखोरी पर लगाम लगाया और पूरी पारदर्शिता स्थापित की जिससे अब लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का पूरा पैसा उनके खाते में पहुंचता है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है और तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

उत्तर प्रदेश से भाजपा की ही संगीता बलवंत मोदी सरकार की नीतियों की तारीफ करते हुए कहा कि उसी का परिणाम है कि पिछले एक दशक में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। यह सुनिश्चित किया गया है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी लीकेज और बिचौलिये के सीधे लोगों के पास पहुंचे। रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन हुआ है। बारह लाख करोड़ रुपये तक की आय को कर मुक्त कर और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में नये सुधारों से मध्यम वर्ग को लाभ मिला। साल 2014 के बाद देश बदला, सोच बदला।

उत्तराखंड से भाजपा के महेंद्र भट्ट ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं और नीतियों के दम पर भारत एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभरा है। आज का युवा केवल नौकरी की ओर नहीं देखता है, वह दूसरों को नौकरी दे रहा है। इसमें मुद्रा योजना की बहुत बड़ी भूमिका है। किसान सम्मान निधि ने किसानों को विश्वास दिया है। फसल बीमा योजना से उनके मन में विश्वास जगा है। कम ब्याज पर ऋण से मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन करने वाले युवाओं की आमदनी बढ़ी है। आयुष्मान योजना गरीबों के लिए बहुत बड़ा उपहार रहा है।

भाजपा के मनोनीत सदस्य सतनाम सिंह संधू ने राष्ट्रपति के अभिभाषण में गुरु तेग बहादुर की वाणी के उल्लेख पर खुशी जताते हुए पंजाबी में अपनी बात रखी। अभिभाषण में आठ बार किसान और 10 बार गरीबों का जिक्र है। यह दिखाता है कि सरकार के लिए समावेशन महज नारेबाजी नहीं है।

उन्होंने कहा कि बुधवार को एक दुःखद घटना हुई जिसमें संसद की सीढ़ियों पर एक पगड़ीधारी सरदार मंत्री को गद्दार कहकर उनका मजाक उड़ाया गया। इससे पूरी दुनिया में सिख दुःखित हैं। यह घटना अफसोस की बात है।

उत्तर प्रदेश से भाजपा सदस्य बाबूराम निषाद ने कहा कि कांग्रेस की पिछली सरकारों ने बेरोजगारी पर ध्यान नहीं दिया। पिछले 11 साल में मोदी सरकार ने क्षेत्रीय विशेषज्ञता के आधार पर लोगों को काम दिया है। आज गांव से पलायन रुक गया है। लोग अपनी जमीन बेचकर जा नहीं रहे हैं, उसे सुरक्षित रख रहे हैं। सरकार ने सालाना छह हजार रुपये किसान सम्मान निधि में देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने मछुआरों के लिए काम किया है। उन्हें पानी, शौचालय, मकान, शिक्षा और रोजगार दिया गया है, तभी देश आज मछली उत्पादन में दूसरे नंबर पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित