देहरादून , अक्टूबर 27 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सुभाष रोड स्थित सचिवालय भवन में सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी थीम पर आधारित जन जागरूकता कार्यक्रम की सोमवार को शुरुआत की।

यह कार्यक्रम प्रदेश में राज्य स्थापना दिवस नौ नवंबर तक चलाया जाएगा। सचिवालय में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सत्य निष्ठा की प्रतिज्ञा भी दिलाई। श्री धामी ने इस मौके पर कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार करने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपना जीवन भारत की एकता, अखंडता और सशक्त निर्माण के लिए समर्पित कर दिया।

इसलिए उनके जन्मदिवस के उपलक्ष में यह जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त भारत का केवल संकल्प ही नहीं लिया बल्कि उसे धरातल पर भी उतारा है। उसी तरह प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य के भीतर सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है।

राज्य गठन के बाद से अब तक सतर्कता विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 339 भ्रष्ट अफसरों और कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पिछले तीन वर्षों में स्वतंत्रता विभाग ने 78 भ्रष्टाचारियों के साथ-साथ अन्य मामलों में 27 से अधिक लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और शासन व्यवस्था को पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार टोल फ्री नंबर 1064 संचालित कर रही है। टोल फ्री नंबर के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में लगभग 10 हजार शिकायतें दर्ज की गई है। जिनमें 62 शिकायतों में ट्रैप और चार शिकायतों में खुली जांच की कार्यवाही की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित