महेंद्रगढ़ , मार्च 24 -- हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली कस्बे में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शहीद स्मृति पार्क में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब सात बजे गांव के लोग सैर के लिए पार्क में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने झूले से लटके एक युवक का शव देखा और तुरंत सरपंच को सूचना दी। सरपंच प्रतिनिधि धर्मवीर गोठवाल ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां देखा गया कि पार्क में लगे झूले पर रस्सी के सहारे युवक का शव लटका हुआ था।

सूचना मिलने पर सतनाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आसपास मौजूद लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी। युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने संभवतः रात के समय झूले पर रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अधिकारियों का कहना है मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित