बेमेतरा , मार्च 28 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सतनामी समाज ने मुंगेली जिले के औराबांधा स्थित वीर बलिदानी राजा गुरु बालक दास जी के शहादत स्थल को तीर्थस्थल घोषित करने तथा वहां लागू धारा 144 हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार औराबांधा स्थित यह स्थल सतनामी समाज के लिए गहरी आस्था का केंद्र है। समाज का कहना है कि यह स्थल गुरु घासीदास जी के द्वितीय पुत्र वीर बलिदानी राजा गुरु बालक दास जी का शहादत स्थल है, जो लंबे समय से प्रशासनिक प्रतिबंधों और विवादों में घिरा हुआ है।
इस मुद्दे को लेकर बेमेतरा कलेक्ट्रेट में बड़ी संख्या में सतनामी समाज के युवा और अन्य लोग एकत्रित हुए और सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान इस स्थल को लेकर कई वादे किए गए थे, जिनमें धारा 144 हटाने और इसे भव्य तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा शामिल थी।
समाज के लोगों का आरोप है कि सरकार बनने के बाद दो से तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
सतनामी समाज ने मांग की है कि 28 मार्च 2026 को शहादत दिवस के अवसर पर औराबांधा को सभी प्रतिबंधों से मुक्त किया जाए, धारा 144 तत्काल प्रभाव से हटाई जाए और स्थल को आधिकारिक रूप से तीर्थ स्थल घोषित कर विकास कार्यों का भूमि पूजन किया जाए।
फिलहाल, इस मामले में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित