चंडीगढ़ , नवंबर 12 -- हरियाणा को छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 में तीसरे सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में चुना गया है। यह सम्मान भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा राज्य के उत्कृष्ट और सतत जल प्रबंधन के प्रयासों को मान्यता देने के लिए प्रदान किया जाएगा।

सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया कि हरियाणा का नामांकन फरवरी 2025 में भेजा गया था। इसके बाद जल शक्ति मंत्रालय, केंद्रीय जल आयोग और केंद्रीय भूजल बोर्ड के अधिकारियों की टीम ने जून 2025 में जांच की थी। रिपोर्ट के आधार पर हरियाणा को तीसरा स्थान दिया गया।

उन्होंने कहा कि राज्य ने एकीकृत जल संसाधन कार्य योजना 2023-25 के तहत वैज्ञानिक और सहभागी दृष्टिकोण अपनाते हुए लगभग 5.80 बीसीएम पानी का संरक्षण किया और 84 प्रतिशत जल-बचत लक्ष्य प्राप्त किया।

यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा 18 नवंबर को विज्ञान भवन, नयी दिल्ली में प्रदान किया जाएगा।

श्रुति चौधरी ने बताया कि जेएलएन फीडर नहर पुनरुद्धार जैसी परियोजनाओं से सिंचाई क्षमता में 50 हजार हेक्टेयर की वृद्धि हुई है और रिसाव हानि 90 प्रतिशत तक घटी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा ने जल प्रबंधन में नया मानक स्थापित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित