पटना , फरवरी 02 -- बिहार के विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कृषि को अधिक लाभकारी, विविधीकृत एवं बाजारोन्मुख बनाने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
श्री सिंह ने बैठक में एम-एस.एच.ओ.पी. की अवधारणा को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस मॉडल को आधार बनाकर कृषि क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मौसम के अनुकूल, जिलावार एवं क्षेत्रवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए फसल पद्धतियों का चयन किया जाए तथा फसल विविधीकरण को प्राथमिकता दी जाए।
विकास आयुक्त ने कहा कि जिन कृषि उत्पादों का वर्तमान में आयात किया जा रहा है, उनके घरेलू उत्पादन को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए, जिससे विदेशी मुद्रा की बचत की जा सके। इसी क्रम में दलहन एवं तेलहन के क्षेत्र विस्तार और उत्पादन बढ़ाने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि इससे आयात पर निर्भरता कम होगी।उन्होंने टमाटर उत्पादन को बढ़ावा देने, बिहार में ग्रीन एप्पल की खेती को प्रोत्साहित करने तथा बादाम और ब्लूबेरी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती की शुरुआत करने के निर्देश दिए।
धान के क्षेत्र में बासमती के साथ-साथ हाइब्रिड धान की खेती को बढ़ावा देने, अरहर एवं मटर की खेती के विस्तार तथा बेगूसराय जिले में लक्ष्य निर्धारित कर सोयाबीन की खेती को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष बल दिया गया।इसके अतिरिक्त ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी, शहजन, हरा चना जैसी फसलों को बढ़ावा देने की बात कही गई। पटना एवं आसपास के जिलों में हरा चना उत्पादन के लिये विशेष लक्ष्य निर्धारण करने के निर्देश दिए गए। मालटा एवं किनो की खेती को प्रोत्साहित करने के लिये कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया गया।
विकास आयुक्त ने कहा कि कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए मल्टी मॉडल हब विकसित किया जानर्ताआवश्यक है। साथ ही दलहन क्षेत्र के विस्तार के लिए नई किस्मों के प्रयोग, मूल्य संवर्धन एवं समेकित योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए गए। बीज क्षेत्र में सरकारी संस्थानों और निजी क्षेत्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसानों के हित में कार्य करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि जमुई मे चिया सीड की खेती, खगड़िया में सूर्यमुखी की खेती तथा गयाजी में कुसुम की खेती को बढ़ावा दी जाये।
विकास आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि कोई भी नीति तभी सफल होगी, जब उसे किसान अपनाएंगे, इसलिए योजनाओं को किसानों की जरूरतों और व्यवहारिकता के अनुरूप बनाया जाए।
बैठक में कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कुलपति डॉ. पुण्यव्रत सुविमलेंदु पांडे, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के कुलपति डॉ. दुनिया राम सिंह, कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव, उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार, कृषि वैज्ञानिकों सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारीगण भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित