धार , फरवरी 12 -- जिले की कुक्षी तहसील अंतर्गत सरदारपुर-टांडा मार्ग पर सड़क किनारे एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार टांडा वन क्षेत्र में अनाज मंडी के पास बुधवार रात करीब 11 बजे ग्रामीणों ने सड़क पर मृत तेंदुआ देखा और वन विभाग को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेंदुआ सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रेंज अधिकारी एचएस कनुजे ने बताया कि मृत तेंदुए की उम्र लगभग 9 माह थी। एनटीसीए नई दिल्ली एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्यप्रदेश भोपाल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास क्षेत्र की सघन जांच की गई। वन विभाग क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रहा है, ताकि वाहन की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

विशेषज्ञ वन्यजीव चिकित्सकों सुनील बड़ोले, डॉ. एसएस अलावा एवं डॉ. दीपक बामनिया द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। प्रथम दृष्टया तेंदुए की मृत्यु अज्ञात वाहन की टक्कर से होना पाया गया है। शव पूर्ण रूप से सुरक्षित मिला और कोई अंग क्षतिग्रस्त नहीं पाया गया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत शवदाह एवं भस्मीकरण की कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी विजयानंथम टीआर, उप वनमंडलाधिकारी सरदारपुर सुनील सुलिया, परिक्षेत्राधिकारी टांडा होशियार सिंह कन्नौजे, अंतरसिंह कन्नौजे, जनपद सदस्य टांडा एवं वन अमले की उपस्थिति में संपन्न हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित