रामनगर , फरवरी 14 -- उत्तराखंड के रामनगर में सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत रामनगर पुलिस द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया है।

इस अवसर पर रामनगर पुलिस ने रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सकों के सहयोग से रामनगर महाविद्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर एक शिविर लगाया। शिविर में क्षेत्र के चालकों, परिचालकों तथा अन्य राहगीरों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर के दौरान वाहन चालकों की आंखों की जांच विशेष रूप से की गई, ताकि दृष्टि संबंधी किसी भी समस्या का समय रहते पता लगाया जा सके, इसके साथ ही बीपी (ब्लड प्रेशर) की भी जांच की गई, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि चालक शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं और सुरक्षित तरीके से वाहन चला सकें।

मामले में जानकारी देते हुए सीओ सुमित पांडे ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के चालक और परिचालकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि कई बार आंखों की कमजोरी या उच्च रक्तचाप जैसी समस्याएं सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। ऐसे में समय पर जांच और उपचार बेहद जरूरी है।

उन्होंने आगे कहा कि यदि किसी चालक की आंखों में किसी प्रकार की दिक्कत पाई जाती है, तो उन्हें चिकित्सकों की सलाह लेकर उचित उपचार कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन से ही नहीं, बल्कि चालक के अच्छे स्वास्थ्य से भी जुड़ी होती है।

रामनगर पुलिस की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित