महासमुंद , जनवरी 29 -- ) छत्तीसगढ़ में महासमुंद जिले के खम्हारपाली स्थित आरटीओ तलाश केंद्र में सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान एक जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पूरे देश तथा छत्तीसगढ़ राज्य में चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान चेकपोस्ट प्रभारी विष्णु ठाकुर ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, उनसे होने वाले जान-माल के नुकसान तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर आज विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वाहन चालकों से तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की अवस्था में वाहन संचालन से बचने, हेलमेट पहनने, यातायात संकेतों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की।

इस अवसर पर तलाश केंद्र से गुजरने वाले बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को समझाइश दी गई एवं उन्हें हेलमेट वितरित किए गए। वहीं, हेलमेट पहनकर नियमों का पालन करने वाले चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 हेलमेटों का वितरण किया गया।

हेलमेट वितरण के पश्चात यातायात जागरूकता को लेकर मोटरसाइकिल रैली निकाली गई, जो खम्हारपाली चेकपोस्ट से प्रारंभ होकर छिंदपाली और पैकिन होते हुए पुनः खम्हारपाली पहुंची। इस रैली में करीब 50 मोटरसाइकिल सवारों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में ग्राम खम्हारपाली और भोथलडीह के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, सरपंच, उपसरपंच, मंडल अध्यक्ष सहित आरटीओ चेकपोस्ट के अधिकारी एवं कर्मचारी - निरीक्षक संतोष हरिपाल, उपनिरीक्षक हेमंत जायसवाल, फिरोज कुरैशी, रवि देवांगन, कृष्णा बर्मन, संजय ठाकुर एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। उपस्थित सभी लोगों ने यातायात नियमों का पालन करने एवं सुरक्षित वाहन चलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सरायपाली के मोटरसाइकिल डीलर्स भवानी ऑटो, स्वीटी ऑटो, बंसल ऑटो, पुखराज ऑटो, शुभम के मार्ट, मोटर व्यवसायी प्रवीण रुंगटा एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित