लखनऊ , जनवरी 12 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क हादसों में होने वाली जानहानि अत्यंत दुखद है और लापरवाही व नियमों की अनदेखी के कारण हर वर्ष हजारों लोग असमय अपनी जान गंवा देते हैं, जिससे अनेक परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट जाता है। उन्होने बताया कि 31 जनवरी तक प्रदेश भर में 'सड़क सुरक्षा माह' का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान नागरिकों के सुरक्षित भविष्य और परिवारों की रक्षा के संकल्प के साथ चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के सड़क व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना है, ताकि दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या को शून्य स्तर तक लाया जा सके।
योगी ने बताया कि प्रदेश के 20 दुर्घटना-संवेदनशील जनपदों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत राज्यभर में 3,000 से अधिक ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है। यह अभियान शिक्षा, प्रवर्तन, इंजीनियरिंग और आपात देखभाल जैसी प्रमुख बिंदुओं पर केंद्रित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सड़कें सभी के लिए सुरक्षित हों, इसके लिए पुलिस नियमों को सख्ती से लागू करेगी, लेकिन आम नागरिकों का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न केवल स्वयं के लिए, बल्कि दूसरों के जीवन के लिए भी घातक हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित