फतेहपुर , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सड़क शिलान्यास को लेकर भाजपा विधायक कृष्णा पासवान और सपा विधायक उषा मौर्य के बीच मंगलवार को तीखी नोकझोंक हो गई। दरअसल, खागा थाना क्षेत्र के हुसैनगंज इलाके में प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान दोनों महिला विधायक मौके पर पहुंचीं। पूजन के दौरान पंडित द्वारा दोनों को शिलान्यास के लिए आगे बढ़ने को कहे जाने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
बताया जाता है कि सपा विधायक उषा मौर्य ने भाजपा विधायक कृष्णा पासवान की मौजूदगी पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें अपमानित करने के लिए बुलाया गया है, जबकि यह उनका क्षेत्र है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के चलते यह विवाद उत्पन्न हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित