जांजगीर-चांपा , फरवरी 08 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में स्थित खोखसा से पीथमपुर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर किए गए चक्काजाम के एक पुराने मामले में जांजगीर विधायक और कांग्रेस नेता व्यास कश्यप और उनके समर्थकों के खिलाफ आज पुलिस ने कार्रवाई की।
सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने विधायक सहित कुल 12 लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज करते हुए सभी को गिरफ्तार किया। हालांकि, मामला जमानती होने के कारण आरोपियों को बाद में जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
यह कार्रवाई 30 जून 2025 को खोखसा ओवरब्रिज पर किए गए चक्काजाम से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, सड़क की खराब स्थिति को लेकर प्रदर्शनकारियों ने ओवरब्रिज से पीथमपुर मार्ग तक यातायात पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया था, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले में नया मोड़ तब आया जब एक निजी एम्बुलेंस चालक ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार वह 30 जून की शाम लगभग चार बजे एक मरीज को अस्पताल ले जा रहा था। उसे खोखसा ओवरब्रिज के समीप स्थित नर्सिंग होम पहुंचना था, लेकिन सड़क जाम के कारण एम्बुलेंस को आगे नहीं बढ़ने दिया गया। आरोप है कि चक्काजाम कर रहे लोगों ने एम्बुलेंस को जबरन रोक दिया, जिससे मरीज को समय पर उपचार नहीं मिल सका।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
पुलिस विवेचना के दौरान नामजद आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद विधायक व्यास कश्यप सहित 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया। चूंकि मामला जमानती धाराओं के अंतर्गत था, इसलिए सभी आरोपियों को आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चक्काजाम में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विधायक व्यास कश्यप सहित नैला, पामगढ़, जर्वे (च), सिवनी चापा क्षेत्र के निवासी शामिल हैं।
विधायक की गिरफ्तारी के बाद जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल, इस मामले में विधायक या उनके समर्थकों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित