मुरैना , अप्रैल 30 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के टेंटरा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और छह वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा सबलगढ़-अटार चंबल मार्ग पर ठाकुर बाबा मंदिर के समीप उस समय हुआ, जब ग्राम नरे का पूरा निवासी रामनिवास केवट अपनी पत्नी माया देवी और पुत्र भोला के साथ बाइक से राजस्थान के ग्राम बहेड़ स्थित ससुराल जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रामनिवास केवट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सबलगढ़ सिविल अस्पताल से जिला अस्पताल मुरैना रेफर किया गया है। बताया गया है कि महिला के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि बच्चे की जीभ कटने की सूचना है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित