औरंगाबाद , जनवरी 29 -- बिहार में औरंगाबाद जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में महिला पुलिस अवर निरीक्षक की मौत हो गयी तथा एक सिपाही घायल हो गया।

पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल ने गुरुवार को यहां बताया कि ढिबरा थाना में पदस्थापित अवर निरीक्षक रिंकी कुमारी बुधवार की रात स्कूटी से औरंगाबाद से अपने थाना लौट रही थी। इस दौरानपिपरडीह मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 ( जीटी रोड ) पर अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इस घटना में रिंकी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसकी स्कूटी पर सवार सिपाही भी घायल हो गया। दोनों को औरंगाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रिंकी कुमारी को मृत घोषित कर दिया ।आज पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मृत अवर निरीक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की और शव को उनके पैतृक जिले जमुई भेज दिया गया । मृतका जमुई जिले के लछुआई थाना के भुल्लो गांव की रहने वाली थी ।

श्री राहुल ने बताया कि मृत पुलिस अवर निरीक्षक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार सहायता राशि दी जाएगी ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित