होशियारपुर , फरवरी 03 -- पंजाब के होशियारपुर जिले के मुकेरियां के पास जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के एक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गयी और एक व्यक्ति घायल हो गया।
यह घटना तड़के उस समय हुई जब ये लोग स्कूटर पर मुकेरियां की ओर सर्विस लेन से जा रहे थे। राम नगर कॉलोनी के पास, एक हुंडई वेन्यू कार ने कथित तौर पर स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद दोपहिया वाहन सर्विस लेन के किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराया।
पुलिस ने बताया कि स्कूटर पर सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक को मामूली चोटें आईं। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। अधिकारियों ने बताया कि घायल कार चालक मुकेरियां का निवासी है और स्थानीय लोगों ने पकड़ कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित