श्रीगंगानगर , अप्रैल 01 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में पदमपुर मार्ग पर अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार देर रात करीब 11 बजे पदमपुर मार्ग पर चक 5- ए में स्थित गुरुद्वारा के नजदीक मोटरसाइकिल पर जाते समय एक युवक संतुलन बिगड़ने से गिरकर घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट लगी। एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुखबीरसिंह (29) निवासी गुरुनगर थाना पुरानी आबादी श्रीगंगानगर के रूप में हुई है।
इससे पहले कल दोपहर करीब दो बजे पदमपुर मार्ग पर ही बायपास चौराहा के नजदीक एक बोलेरो गाड़ी की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल पर सवार दो भाई प्रवीण (29) पवन (26) घायल हो गये। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पवन की कल देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रवीण का एक निजी अस्पताल इलाज किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित