नयी दिल्ली , दिसंबर 27 -- वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने राष्ट्रीय राजधानी और आस-पास के इलाकों में चल रहे 'ऑपरेशन क्लीन एयर' पहल के तहत किये गये निरीक्षण के बाद शनिवार को कहा कि गुरुग्राम नगर निगम (एमसीजी) सड़कों पर धूल कम करने और कचरा प्रबंधन में गंभीर अनदेखी कर रहा है।

एक अधिकारी ने शुक्रवार को हुए निरीक्षण के बाद कहा कि आयोग ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के तहत गुरुग्राम में 125 सड़कों के हिस्सों का मूल्यांकन करने के लिये 17 निरीक्षण टीमें तैनात कीं। इनमें से 15 हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) और दो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) से थीं। निरीक्षण में सड़क की सफाई, धूल को दबाने, कचरा जमा होने और खुले में जलाने की घटनाओं पर ध्यान दिया गया। ज़मीनी हालात का दस्तावेज़ीकरण करने के लिये जियो-टैग और टाइम-स्टैम्प्ड तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया।

निरीक्षण के नतीजों में सामने आया कि बड़े पैमाने पर नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। सर्वेक्षण की गयी 125 सड़कों में से 34 में धूल का स्तर बहुत ज़्यादा पाया गया, जबकि 58 हिस्सों में मध्यम धूल थी। सिर्फ़ 29 हिस्सों में धूल का स्तर कम दर्ज किया गया और सिर्फ चार हिस्से ऐसे थे, जहां दिखाई देने वाली धूल नहीं थी। सीएक्यूएम के अनुसार, ज़्यादा धूल वाले कई हिस्सों में नगर निगम के ठोस कचरे (एमएसडब्ल्यू) और निर्माण एवं तोड़फोड़ वाले कचरे का भी काफ़ी जमाव देखा गया।

खुले में कूड़ा जलाने की कई घटनायें भी दर्ज की गयीं, जिससे वायु प्रदूषण की चिंताएं और बढ़ीं। गुरुग्राम के अलग-अलग वार्डों और सेक्टरों में रिहायशी कॉलोनियों, अंदरूनी सड़कों और मुख्य सड़कों पर धूल जमा होने एवं कचरा फेंकने की घटनाएं देखी गयीं। आयोग ने कहा कि बिना प्रबंधन के कचरे और खुले में जलाने से स्थानीय हवा की गुणवत्ता और खराब हुई थी। निरीक्षण के दौरान सीएक्यूएम ने एमसीजी द्वारा ज़मीनी स्तर पर प्रबंधन को तुरंत मज़बूत करने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।

आयोग ने कहा कि नियमित मैकेनिकल स्वीपिंग, प्रभावी पानी का छिड़काव, धूल और कचरे को समय पर उठाना और वैज्ञानिक तरीके से निपटाया जाना चाहिये। खुले में कूड़ा जलाने पर सख्त रोक लगायी जानी चाहिये। आयोग ने बार-बार होने वाली कमियों को रोकने के लिए बेहतर पर्यवेक्षण और जवाबदेही पर भी ज़ोर दिया। आयोग ने कहा कि वैधानिक निर्देशों और ग्रैप उपायों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 'ऑपरेशन क्लीन एयर' के तहत निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित