राजनांदगांव , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव पुलिस ने आईपीएल के रोमांच के बीच सट्टे का अवैध कारोबार करने वालों पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मोहारा नाला के पास चल रहे एक हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लैपटॉप, मोबाइल और टैबलेट समेत करीब 5.50 लाख रुपये का मशरूका जप्त किया है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एएसपी कीर्तन राठौर और सीएसपी वैशाली जैन के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहारा (बजरंग नगर) नाला किनारे स्थित एक फार्महाउस पर घेराबंदी कर दबिश दी, जहाँ आरोपी रंगे हाथों सट्टा संचालित करते पकड़े गए।

पकड़े गए आरोपी बेहद हाईटेक तरीके से सट्टेबाजी कर रहे थे। जांच में खुलासा हुआ कि "सांई ऐप" के जरिए क्रिकेट मैच की हर गेंद और हर ओवर पर लाखों का दांव लगाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से, 02 लैपटॉप और 01 टैबलेट और 07 टच स्क्रीन मोबाइल के अलावा,01 मोटरसाइकिल, और सट्टा पट्टी में दर्ज करीब 9.20 लाख रुपये का हिसाब-किताब जप्त किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित