चंडीगढ़ , फरवरी 20 -- पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन और बिजली मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने शुक्रवार को मुंबई में प्रमुख उद्योगपति जेएसडब्लयु समूह के चेयरमैन सज्जन जिंदल से महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पंजाब इन्वेस्ट के सीईओ अमित ढाका भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सज्जन जिंदल ने राजपुरा में इस्पात क्षेत्र में 1,500 करोड़ रूपये के निवेश की घोषणा की। उन्होंने यह भी बताया कि जेएसडब्लयु समूह पंजाब में अपने विविध व्यवसायिक क्षेत्रों में अतिरिक्त निवेश की संभावनाओं का पता लगायेगा। प्रस्तावित निवेश से राज्य के विनिर्माण आधार को मजबूती मिलेगी, इस्पात मूल्य श्रृंखला गहरी होगी तथा क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के पर्याप्त अवसर सृजित होंगे। श्री जिंदल ने 13 मार्च को प्लाक्शा विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले इन्वेस्ट पंजाब समिट के उद्घाटन सत्र में अपनी उपस्थिति की भी पुष्टि की।

श्री जिंदल ने राज्य में नए निवेश आकर्षित करने हेतु मंत्री संजीव अरोड़ा के निरंतर प्रयासों की प्रशंसा की तथा रक्षा निर्माण, ऑटोमोबाइल क्षेत्र और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं में संभावनाएँ तलाशने में गहरी रुचि व्यक्त की।

श्री अरोड़ा ने पंजाब की मजबूत औद्योगिक नींव का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य उत्तरी बाजारों से उत्कृष्ट संपर्क, सशक्त एमएसएमई तंत्र, कुशल मानव संसाधन तथा इस्पात, ऑटो कंपोनेंट्स, वस्त्र, खेल सामान, खाद्य प्रसंस्करण और लाइट इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में विकसित औद्योगिक क्लस्टरों से युक्त है।

उन्होंने 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' सुधारों में पंजाब को लगातार "टॉप अचीवर" के रूप में मिली मान्यता तथा समयबद्ध स्वीकृतियों के लिए प्रगतिशील सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली का भी उल्लेख किया। मंत्री ने प्रस्तावित जेएसडब्लयु परियोजनाओं के लिए हर संभव सहयोग, मार्गदर्शन और त्वरित स्वीकृतियों का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब उद्योगों की स्थापना और विस्तार के लिए विश्वसनीय बिजली आपूर्ति, बेहतर लॉजिस्टिक्स अवसंरचना और उत्तरदायी प्रशासनिक ढांचा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित