हैदराबाद , मार्च 13 -- हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वी सी सज्जनार ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एच जे डोरा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

शोक संदेश में श्री सज्जनार ने डोरा को भारतीय पुलिस सेवा के बेहतरीन अधिकारियों में से एक बताया, जिनका विशिष्ट करियर और नेतृत्व राज्य की पुलिस व्यवस्था पर स्थायी प्रभाव छोड़ गया है।

उन्होंने कहा कि श्री डोरा पूर्ण पेशेवर और प्रेरक नेता थे, जिन्होंने पुलिस बिरादरी और उसके बाहर भी अपार सम्मान हासिल किया।

डीजीपी के रूप में डोरा के कार्यकाल को याद करते हुए श्री सज्जनार ने उल्लेख किया कि उन्होंने उस समय कार्यभार संभाला था, जब नक्सलवाद अपने चरम पर था।

नवंबर 1996 में उनके कार्यभार संभालने के कुछ दिन पहले पीपुल्स वॉर ग्रुप के कार्यकर्ताओं ने आदिलाबाद जिले के सिरपुर-उटनूर पुलिस स्टेशन पर हमला किया था, जिसमें 16 पुलिसकर्मी शहीद हो गये थे।

श्री सज्जनार ने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद श्री डोरा की त्वरित कार्रवाई, रणनीतिक नेतृत्व और निरंतर मार्गदर्शन ने बल को स्थिर करने और पुलिस कर्मियों के मनोबल को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाने में मदद की।

श्री सज्जनार ने यह भी उल्लेख किया कि श्री डोरा राज्य पुलिस बल के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रमुख बने, जिन्होंने नीतिगत सुधारों की शुरुआत की और पुलिस व्यवस्था में व्यावसायिकता और सेवा पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित