भरतपुर , जनवरी 28 -- राजस्थान में गंगापुर सिटी में मंगलवार शाम धोखाधड़ी के एक मामले में अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद अदालत परिसर से फरार एक आरोपी का बुधवार सुबह तक कोई सुराग नहीं लग पाया।
फरार आरोपी की तलाश में सुबह से ही पुलिस के अलग दल उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रहे हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि फरार आरोपी जगदीश बाटोदा थाना क्षेत्र के मादलगांव का रहने वाला है। उसके भागने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल प्रभाव से नाकाबंदी करके उसकी तलाश शुरू कि लेकिन उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
धोखाधड़ी मामले में कल पांच महिलाओं सहित 34 आरोपियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई थी। सजा के बाद सभी दोषियों को जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही थी। तभी जगदीश मौका पार वहां से फरार हो गया। सभी दोषियों को जेल ले जाते समय गिनती के दौरान एक दोषी कम पाए जाने पर उसके फरार हो जाने का पता चला। पुलिस प्रशासन ने इस घटना के बाद सतर्कता बढ़ा दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित