चंडीगढ़ , अप्रैल 04 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने शनिवार को लुधियाना की अदालत में नायब कोर्ट के रूप में तैनात सहायक उप-निरीक्षक तरलोचन सिंह को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि लुधियाना के चंडीगढ़ रोड निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। शिकायतकर्ता के खिलाफ एक मामला दर्ज था और पुलिस ने उसकी लाइसेंसी पिस्तौल अपने कब्जे में ले ली थी।आरोपी नायब कोर्ट ने शिकायतकर्ता की लाइसेंसी पिस्तौल वापस दिलाने में अदालती मदद करने के बदले दस हजार रुपए नकद और 'स्केचर्स' ब्रांड के जूते की मांग की थी।

शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद, विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। आरोपी तरलोचन सिंह को दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से दस हजार रुपए की रिश्वत और स्केचर्स जूते स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन, लुधियाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित