पटना, 02,मार्च (वार्ता) बिहार पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल की अध्यक्षता में सोमवार को चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में फोरलेन मोकामा-मुंगेर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, सिवान-मशरख परियोजना, बकरपुर-मानिकपुर एवं महेंशखूंट-सहरसा-पूर्णिया सड़क परियोजना से संबंधित भूमि अधिग्रहण, भौतिक प्रगति, समय-सीमा और अन्य बाधाओं पर चर्चा हुई।फोरलेन मोकामा-मुंगेर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे- यह 82.4 किलोमीटर लंबी चार-लेन ग्रीनफील्ड परियोजना (मोकामा से मुंगेर-चाननपुरा) स्वीकृत हुई, जिसकी कुल अनुमानित लागत 4447 करोड़ रुपये है। यह परियोजना पटना के मोकामा से होकर लखीसराय, शेखपुरा एवं मुंगेर जिले तक जाएगी।

सचिव श्री पाल ने भूमि अधिग्रहण में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसके निर्माण होने से लोगों को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी।उन्होंने सिवान-मशरख परियोजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। सिवान में 44.5 किलोमीटर एवं सारण जिले में 5.6 किलोमीटर इस परियोजना की लंबाई है। परियोजना की लागत लगभग 1399 करोड़ रुपये है। बकरपुर-मानिकपुर सड़क परियोजना की भी गहन समीक्षा की गई।

सचिव ने महेंशखूंट-सहरसा-पूर्णिया सड़क परियोजना की समीक्षा कर प्रगति जानकारी ली। यह 2-लेन उन्नयन परियोजना है और इसका कार्य अंतिम चरण में है। परियोजना का 91 प्रतिशत का कार्य पूर्ण हो गया है। सचिव ने संबंधित जिले के जिलाधिकारी से बात कर भू-अर्जन की समस्या का निराकरण के लिये निर्देश दिया। बचे हुए शेष कार्य को अप्रैल माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

सचिव ने सभी संबंधित अधिकारियों, को निर्देश दिए कि सभी परियोजना से जुड़े भूमि अधिग्रहण, बाधाओं का निवारण और प्रगति को तेज किया जाय। उन्होंने जोर दिया कि विभाग इन परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और यातायात सुगमता में उल्लेखनीय सुधार हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित