मुंबई , फरवरी 04 -- क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर ने आज मुंबई रणजी टीम से बात की और उन्हें आने वाले रणजी ट्रॉफी क्वार्टरफाइनल की तैयारी के लिए मोटिवेट किया, जो बीकेसी के एमसीए ग्राउंड पर होगा।

सचिन ने मुंबई टीम के ड्रेसिंग रूम में बाकायदा खिलाड़ियों से बात की और उन्हें बताया कि उन्हें मैदान पर क्या करना चाहिए। मुंबई की टीम रणजी ग्रुप डी में सात मैच में चार जीत और तीन ड्रा के साथ 33 अंक लेकर क्वार्टरफाइनल में पहुंच चुकी है जहां उसका मुकाबला कर्नाटक से मुंबई में होगा।

शार्दुल ठाकुर और यशस्वी जायसवाल को कर्नाटक के खिलाफ छह फरवरी से शुरु होने वाले रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के लिए 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। ठाकुर और जायसवाल दोनों अलग-अलग कारणों से पिछले कुछ मैच नहीं खेल पाए थे। ठाकुर चोट की वजह से बाहर थे, जबकि जायसवाल के न खेलने का कारण मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) को भी नहीं पता था। मुंबई 42 बार की रणजी चैंपियन है।

मुंबई टीम इस प्रकार है:- शार्दुल ठाकुर (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, मुशीर खान, अखिल हरवाडकर, सिद्धेश लाड, सरफराज खान, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर), साईराज पाटिल, शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, ओंकार तरमाले, दिव्येश सक्सेना और सूर्यांश शेडगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित