सक्ती , मई 11 -- ) छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित नगर पंचायत चंद्रपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बस स्टैंड के पास सोमवार को अपराह्न में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार माधव मेडिकल के सामने हवा भरने वाला एक टैंक अचानक तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में चंद्रपुर वार्ड क्रमांक 4, मंडीपारा निवासी 23 वर्षीय जुनैद खान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक का कुछ दिनों पूर्व ही विवाह हुआ था।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंक में अत्यधिक दबाव के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित