रियाद , मार्च 02 -- सऊदी अरब ने प्रिंस सुल्तान हवाईअड्डे की ओर बढ़ रहे पांच 'हमलावर' ईरानी ड्रोनों को मार गिराया है।
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने आज यह जानकारी दी1 उन्होंने बताया कि प्रिंस सुल्तान हवाईअड्डे के पास आ रहे पांच "हमलावर ड्रोनों" को बीच में ही रोककर नष्ट कर दिया है। रियाद के दक्षिण में स्थित यह हवाईअड्डा एक बहुत महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाना है, जहां अमेरिकी सेना तैनात है।
मंत्रालय ने एक संक्षिप्त बयान में कहा कि सऊदी अरब की हवाई सुरक्षा प्रणाली इन ड्रोनों के अपने निशाने तक पहुंचने से पहले ही उनसे निपटने में सफल रही। इस कार्रवाई में किसी के घायल होने या किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। प्रिंस सुल्तान हवाईअड्डे में लगभग 2,700 अमेरिकी सैनिक और यहां मिसाइल सुरक्षा प्रणालियों के साथ-साथ अन्य सैन्य साजो-सामान भी तैनात हैं, जो वाशिंगटन की क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा हैं। यह केंद्र खाड़ी देशों में अमेरिका के हवाई अभियानों और निगरानी के लिए एक मुख्य भूमिका निभाता रहा है।
खबरों के मुताबिक ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद बढ़ते तनाव के बीच, पिछले हफ्ते के अंत में भी इस ठिकाने को ईरानी मिसाइलों से निशाना बनाने की कोशिश की गई थी। शनिवार को इजरायली हमलों के बाद से इन तीन देशों के बीच युद्ध शुरू होने के बाद, सऊदी अरब में किसी भी अमेरिकी सैनिक के हताहत होने की अभी तक कोई पुख्ता खबर नहीं मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित